गुरुग्राम के सेक्टर-5 स्थित हुडा मार्केट में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर दुकानदारों का गुस्सा खुलकर सामने आया है। करीब 50 से अधिक दुकानों वाली इस मार्केट में पार्किंग की भारी किल्लत, अतिक्रमण और रेहड़ी-पटरी वालों के कारण हालात बदतर होते जा रहे हैं। मार्केट संवाद के दौरान दुकानदारों ने बताया कि जब से नगर निगम ने इस मार्केट को अपने अधीन लिया है, तब से हालात पहले से ज्यादा खराब हो गए हैं। पहले जहां व्यवस्था बेहतर थी, वहीं अब साफ-सफाई तक नियमित नहीं हो रही। सड़कों और गलियों में गंदगी का अंबार लगा रहता है, जिससे ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।