गुरुग्राम नगर निगम गुरुग्राम ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ अपना विशेष अभियान वीरवार को भी जारी रखा। इस महीने भर चलने वाले अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। निगम की टीमों ने सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान हुडा और जीएमडीए की ओर से भी कार्रवाई जारी रही। अभियान के तहत न्यू कॉलोनी, ज्योति पार्क, मदनपुरी सर्कुलर रोड, बादशाहपुर, सीआरपीएफ रोड, सेक्टर 63 और सुखराली एन्क्लेव में विशेष कार्रवाई की गई। टीमों ने सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर हुए अतिक्रमणों को हटाया। बस स्टैंड क्षेत्र में अवैध यूनिपोल, रेहड़ी, पटरी, खोखे और अन्य अस्थायी ढांचे भी हटाए गए। निगम कर्मचारियों ने मुनादी कराकर अतिक्रमणकारियों को अपना सामान हटाने की हिदायत दी। निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण से नागरिकों की आवाजाही बाधित होती है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त करना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। इसका लक्ष्य पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करना भी है।