गुरुग्राम जिला प्रशासन गुरुग्राम ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया। यह समारोह संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के अंतर्गत लघु सचिवालय में हुआ। इसमें गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि और मेयर राजरानी मल्होत्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह में महर्षि वाल्मीकि के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया गया। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि समस्त सनातन समाज और मानवता के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा, "उनकी महान रचना रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पीढ़ियों से समाज को मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और सदाचार की शिक्षा दे रही है।" मुकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार महापुरुषों के सम्मान और सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।