मिलेनियम सिटी की पहली बहुमंजिला पार्किंग बनकर तैयार है। करीब 54 करोड़ रुपये से 320 से वाहनों की क्षमता वाली आठ मंजिला पार्किंग को जल्द ही आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इसमें ई-चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा लिफ्ट और जनसुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। इसमें पहले और दूसरे फ्लोर में दुकानें होगी। वहीं छत पर बैडमिंटर कोर्ट या खाने-पीने की दुकानें खोली जा सकेगी। मिलेनियम सिटी में जाम के साथ ही पार्किंग भी बड़ी समस्या है। पुराने गुरुग्राम में सबसे पुरानी सदर बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को खासी परेशानी होती है। लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए भटकना पड़ता है। सड़क किनारे वाहन खड़ा करना पड़ता है। जिससे यातायात प्रभावित होता है। कई बार वाहन को ट्रैफिक पुलिस उठा ले जाती है। इस समस्या को खत्म करने के लिए नगर निगम ने सदर बाजार के पास सोहना चौक पर बहुमंजिला पार्किंग भवन का निर्माण कराया है।