गुरुग्राम में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तत्वावधान में जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता आज सेक्टर -75 स्थित सूरज स्कूल में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में 300 से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक आयु वर्ग में एक स्कूल से अधिकतम 6 बालक और 6 बालिकाएं भाग ले सकेंगी। प्रतियोगिता के लिए सभी टीमों की रिपोर्टिंग सुबह 8:30 बजे निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच ट्रेडिशनल योगासन (व्यक्तिगत), आर्टिस्टिक योगासन (सिंगल), आर्टिस्टिक योगासन (पेयर) तथा रिदमिक योगासन (पेयर) स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इन स्पर्धाओं के माध्यम से खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, संतुलन, लचीलापन, तालमेल और प्रस्तुति कौशल का आकलन किया जाएगा।