शंकर चौक पर पैदल यात्रियाें के पार करने के लिए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया जा रहा है। निजी कंपनी की ओर से बनाए जा रहे एफओबी को लेकर सोशल मीडिया पर मजाक उड़ाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एफओबी पर काम कर रहे मजदूर का सिर दिल्ली-जयपुर हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे टकरा रहा है। हालांकि कंपनी का दावा है कि फ्लाईओवर के नीचे एफओबी की ऊंचाई करीब 6 फीट 10 इंच रखी गई है। कंपनी के प्रतिनिधि का दावा है कि एफओबी से पैदल चलने के दौरान सामान्य कद वाले लोगों का सिर फ्लाईओवर के नीचे नहीं टकराएगा। सोशल मीडिया पर शंकर चौक पर बने एफओबी को लगातार ट्रोल किया जा रहा है। ऐसे में यातायात पुलिस ने भी कंपनी प्रतिनिधियों से इस संदर्भ में बात की थी, हालांकि इस बारे में अभी कोई खुलकर नहीं बोल रहा है। आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एफओबी निर्माण को लेकर मजाक उड़ाया जा रहा है। वायरल वीडियो में कहा जा रहा है कि इस एफओबी पर चलने वाले लंबे कद के लोगों के सिर फ्लाईओवर से टकराएंगे। शंकर चौक पर बन रहे एफओबी को लेकर कंपनी प्रतिनिधियों से बात की गई थी। उन्होंने मानकों के अनुसार एफओबी बनाने की बात कही है। एफओबी की ऊंचाई के बारे में कंपनी प्रतिनिधियों से फिर से बातचीत की जाएगी। निर्माण में कोई कमी मिलती है तो उसे दूर कराया जाएगा। - सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम।