गुरुग्राम में फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के जरिए ठगी करने के मामले में साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के बापी दास को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक लाख रुपये में अपना बैंक खाता बेचा था, जिसमें ठगी के 45 लाख रुपये आए थे। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, ठगों ने फोन और वीडियो कॉल के जरिए खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग का झूठा आरोप लगाया और डिजिटल अरेस्ट कर ठगी की। पुलिस ने 31 जनवरी को मामला दर्ज किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के खिलाफ मुंबई में भी तीन साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इस मामले में अब तक 64 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस जांच जारी रखे हुए है।