द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस रोड के निर्माण में जमीन की उपलब्धता बाधा बन रही है। कई जगहों पर पर्याप्त भूमि नहीं मिलने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इससे वाहन चालकों और आसपास के सेक्टरों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से करीब 15 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का निर्माण कराया जा रहा है। जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, जिन स्थानों पर जमीन उपलब्ध है, वहां सर्विस रोड का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, जिन जगहों पर भूमि की कमी के कारण काम रुका हुआ है, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्या का समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ सर्विस रोड बनने से सेक्टर-102, 103, 104, 105, 106, 109, 110, 111, 112 और 113 सहित आसपास के अन्य सेक्टरों के लोगों को लाभ मिलेगा।