गुरुग्राम। हरियाणा माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, पंचकूला ने सत्र 2026-27 की 59वीं राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इस बार प्रतियोगिताओं में तीन नए खेल—वुशू, मॉडर्न पेंटाथलॉन और स्क्वैश को शामिल किया गया है। इसके साथ ही राज्य स्तरीय स्कूली खेलों की कुल संख्या 30 से बढ़कर 33 हो गई है। खेल कैलेंडर के अनुसार 22 से 24 अगस्त तक गुरुग्राम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिले को इस वर्ष तीन प्रमुख खेलों की मेजबानी मिली है। इनमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग की क्रिकेट एवं लॉन टेनिस प्रतियोगिताएं, जबकि अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की शतरंज प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के सभी जिलों से सैकड़ों खिलाड़ी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।