फरीदाबाद। आईएमटी इंडस्ट्रियल एरिया में सालों से कायम ट्रैफिक जाम की समस्या को सुलझाने के लिए आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन फरीदाबाद (आईआईएएफ) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए डीसीपी ट्रैफिक जयवीर राठी से मुलाकात की, जिसके बाद मौके पर ही कई ठोस निर्णय लिए गए। जाम का सबसे बड़ा कारण नहर की ओर जाने वाले रास्ते का बंद होना था, जहां भारी-भरकम सीमेंटेड बैरीकेड्स लगाए गए थे। आईआईएएफ के अनुरोध पर डीसीपी ने तुरंत इन बैरीकेड्स को हटाने और रास्ता खोलने की अनुमति दे दी है। इस कदम से आईएमटी चौक पर वाहनों का दबाव काफी कम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही डीसीपी ट्रैफिक ने एफएमडीए को पत्र लिखकर आईएमटी चौक पर जल्द से जल्द रेड लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं।