फरीदाबाद। न्यूज चैनल एवं सोशल मीडिया पर बीती रात हरियाणा के पूर्व रणजी एवं लोकप्रिय क्रिकेटर संजय भाटिया की दुर्घटना में मौत की झूठी अफवाह उड़ाई गई थी। इसके कारण उन्हें और उनके परिवारजनों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ा। फरीदाबाद के इस क्रिकेटर ने कहा के वे पूरी तरह से सकुशल है और उन्होंने इस प्रकार की झूठी अफवाह उड़ाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है। पूर्व रणजी क्रिकेटर संजय भाटिया ने बताया कि बीते दिन एक न्यूज चैनल और व्हाट्सएप ग्रुपों पर पहले दिखाया गया कि सडक़ हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए है और बाद में उनकी मौत का झूठा प्रचार कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अफवाह के फैलने के चलते उनके पास लोगों और शुभचिंतकों के फोन आने शुरु हो गए और वह उनका कुशलक्षेम जानने लगे। उन्होंने कहा कि तब तक उन्हें इस बात की अफवाह के बारे में बिल्कुल भी नहीं पता था।