फरीदाबाद में सर्द मौसम की शुरुआत के साथ ही बुजुर्गों में जोड़ों से जुड़ी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ने लगे हैं। बीके नागरिक अस्पताल की ऑर्थोपेडिक ओपीडी में घुटनों, कमर, कंधों और गर्दन के दर्द की शिकायत लेकर आने वाले बुजुर्गों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सुबह से ही ओपीडी के बाहर बुजुर्ग मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार ठंड में ऑस्टियोआर्थराइटिस, रूमेटॉइड आर्थराइटिस, स्लिप डिस्क, सर्वाइकल और लंबर स्पॉन्डिलाइटिस, घुटनों के घिसने, जोड़ों में सूजन और मांसपेशियों की जकड़न जैसी समस्याएं अधिक बढ़ जाती हैं। ठंड के कारण रक्त संचार प्रभावित होता है, जिससे पुराने दर्द और भी गंभीर हो जाते हैं।