संयुक्त सैनिक समाज सेवा समिति की ओर से महिला सशक्तिकरण व नारी शक्ति को समर्पित सांस्कृतिक कार्यक्रम बोल बेटी बोल - सपनों की उड़ान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के उत्थान, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में उनके सम्मान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस अवसर पर जागर नृत्य, गढ़वाली लोकनृत्य, नाटक, समूह गान व देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। साथ ही समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं व प्रतिभाशाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला रहीं। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। आगे भी महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा आगे आना चाहिए। समिति की अध्यक्ष संतोषी रावत ने कहा कि बेटी बोझ नहीं बल्कि समाज की शान है। हमें बेटियों को शिक्षा, सम्मान और अवसर देकर उनके सपनों को नई उडान देनी चाहिए। वहीं समिति की डायरेक्टर शशि रावत ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।