फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मक्का की आड़ में नशे की खेती: कोंडागांव में पुलिस का खुलासा, 21 KG गांजे के पौधे जब्त, दो गिरफ्तार

Fri, 27 Mar 2026 07:31 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोंडागांव

जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पावरास में पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है। यहां मक्के की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से करीब 21 किलो गांजे के पौधे जब्त किए हैं और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने मक्के की फसल के बीच गांजे के पौधे इस तरह लगाए थे कि सामान्य तौर पर उनकी पहचान करना मुश्किल हो सके। ये पौधे करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ चुके थे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अवैध खेती पिछले कुछ समय से की जा रही थी। 

मामले की सूचना मिलते ही कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दोनों स्थानों से गांजे के पौधों को जब्त किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर विधिवत जब्ती की प्रक्रिया पूरी की। 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गांजे की खेती स्थानीय स्तर तक सीमित थी या इसके तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं।

इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहन मरकाम ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ धीरे-धीरे नशे का गढ़ बनता जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग की है। फिलहाल, पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और जल्द ही विस्तृत खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें