फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रक्षक बने भक्षक: फरसगांव थाने के सब इंस्पेक्टर पर मेला संचालक के कर्मचारियों से मारपीट का आरोप

Thu, 12 Mar 2026 03:54 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोंडागांव

कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां थाना फरसगांव में पदस्थ सब इंस्पेक्टर शशिभूषण पटेल पर मेला मीना बाजार के संचालक और उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट व दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने उच्च पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।

मेला मीना बाजार के संचालक सुधीरकांत सिन्हा ने बताया कि फरसगांव में आयोजित मेला मीना बाजार में सब इंस्पेक्टर शशिभूषण पटेल अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने अपने बच्चों को झूले में मुफ्त में झुलाने की मांग की। जब मेला प्रबंधन की ओर से मैनेजर ने नियमों का हवाला देते हुए मुफ्त में झूला झुलाने से मना किया तो सब इंस्पेक्टर नाराज हो गए।

सुधीरकांत सिन्हा का आरोप है कि इस बात से गुस्साए सब इंस्पेक्टर ने मेला प्रबंधन के मैनेजर को थाना फरसगांव बुलाया और वहां उसकी जमकर पिटाई की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस दौरान कर्मचारियों और वहां मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि सब इंस्पेक्टर ने धमकी देते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र में उनका दबदबा चलता है और उनके बच्चों को झूला झुलाने से मना करने की हिम्मत कैसे हुई।

मेला संचालक सुधीरकांत सिन्हा ने कहा कि सरकार पुलिस अधिकारियों को वेतन देती है, ऐसे में वे अपने बच्चों को 200 रुपये का झूला भी नहीं झुला सकते क्या। उन्होंने कहा कि वे कई वर्षों से क्षेत्र में मेला मीना बाजार का संचालन कर रहे हैं और इस तरह के दमनात्मक रवैये को बर्दाश्त नहीं करेंगे। सुधीरकांत सिन्हा ने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत वे जल्द ही आईजी, डीआईजी और कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक से करेंगे। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं घटना को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें