जिला मुख्यालय कोंडागांव के विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड में मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। दर्शक दीर्घा के किनारे रखे प्लास्टिक के स्टैंड और प्लाईवुड में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों ने कुछ ही देर में पास स्थित स्टोर रूम को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग और फैलने लगी।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद नागरिकों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन समय पर दमकल वाहन नहीं पहुंच सका। फायर ब्रिगेड की देरी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया और आग बुझाने में जुट गए। पानी की बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की।
बताया जा रहा है कि जिला मुख्यालय के अंदर ही करीब एक किलोमीटर की दूरी तय करने में फायर ब्रिगेड को आधे से पौन घंटे का समय लग गया। इस लापरवाही को लेकर नागरिकों में खासा आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने सवाल उठाया कि आपात स्थिति में इतनी देरी गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि नागरिकों की तत्परता और प्रयासों से फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कोंडागांव ने बताया कि नागरिकों के सहयोग से आग पूरी तरह बुझा दी गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं।