जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में खाताधारकों को समय पर पैसे न मिलने से नाराज किसानों और सीनियर सिटीजनों ने शनिवार को जिला कार्यालय का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्होंने सहकारी समितियों में धान बेचा, जिसकी राशि बैंक में जमा है, फिर भी उन्हें भुगतान में देरी की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अनुभागीय अधिकारी राजस्व अजय कुमार उरांव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर शांत कराया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बैंक में आई धनराशि की कमी को अब दूर कर दिया गया है और आगे से कोई दिक्कत नहीं आएगी। हालांकि, खाताधारकों का आरोप है कि बैंक के कर्मचारी भुगतान में जानबूझकर टालमटोल कर रहे हैं और वरिष्ठ नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि वे अपनी ही जमा राशि के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं, जबकि बैंक कर्मचारी बहाने बनाकर उन्हें टरका देते हैं। खाताधारकों ने बैंक प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।