रायगढ़ जिले में आज तड़के हाथियों के दल ने एक ग्रामीण के मकान को तोड़ दिया। इलाके में 20 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रभावित गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। मकान तोड़ने की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला धरमजयगढ़ वन मंडल का है। धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज के अंतर्गत आने वाले मिरीगुडत्रा बीट में पिछले कुछ समय से 20 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। आज तड़के 4 बजे आसपास हाथियों का यह दल फिटींगपारा बस्ती पहुंचा गया जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। हाथियों के दल ने यहां रूचा यादव के मकान को तोड़ दिया। बताया जा रहा कि हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए किसी तरह यादव परिवार अंधेरे में जान बचाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचा तब जाकर उनकी जान बच सकी। गांव के ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी हाथियों के दल ने खम्हार गांव के पूर्व सरपंच चिंतामणि राठिया के खेत में रखे धान को भी रौंदकर भारी नुकसान पहुंचाया था। हाथियों के एक मकान को तोड़ने की जानकारी मिलते ही आज सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आंकलन करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांव के ग्रामीणों को जंगल की तरफ नही जाने की बात कहते हुए हाथियों के बस्ती के करीब आते ही उससे दूरी बनाये रखने की अपील भी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी घटना घटित न हो।