नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही अब शिक्षा विभाग अपने शिक्षा नीतियों में बदलाव करते हुए शिक्षकों के प्रति कड़ी निगरानी रख रही है। 16 जून से नए शिक्षा सत्र की शुरुआत हो चुकी है। शिक्षा विभाग में पहली बार जिले में स्कूल खुलने के पहले ही दिन अपने विभिन्न स्रोतों के माध्यम से जिलेभर के स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान जिलेभर के 1990 स्कूलों में से करीब 36 शिक्षक स्कूलों में पहले ही दिन अनुपस्थित पाए गए। जिस पर शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। इसके तहत महासमुंद ब्लॉक के 08, बागबाहरा के 13, पिथौरा के 08, बसना के 06 और सरायपाली के 01 शिक्षकों को आज शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। तीन दिनों के भीतर शिक्षकों से इसका जवाब मांगा गया है। यदि जवाब सार्थक पूर्ण नहीं होता है तो इन शिक्षकों की एक दिन का वेतन काटने का निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी के द्वारा दिए गए है। जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे की माने तो शिक्षा विभाग स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह से सख्ती बरत रही है और शिक्षकों की पदस्थापना, उपस्थित के साथ साथ स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।