फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे का लाइव वीडियो: कोरबा टोल प्लाजा में रफ्तार का कहर, बाइक ने ड्यूटी पर तैनात युवती को मारी टक्कर

Sat, 11 Apr 2026 09:45 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

शनिवार की दोपहर उरगा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर रफ्तार का कहर दिखा। टोल प्लाजा के भीतर एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने ड्यूटी पर तैनात युवती को टक्कर मार दी। यह पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

युवती रोज की तरह टोल प्लाजा में अपनी ड्यूटी कर रही थी। तभी कोरबा के इमलीडुग्गु क्षेत्र का एक युवक पल्सर बाइक से तेज गति से आया। उसने सीधे युवती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह मौके पर ही गिरकर गंभीर घायल हो गई। 

हादसे के बाद टोल प्लाजा में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के कर्मचारियों और लोगों ने तत्काल युवती को संभाला। टोल प्रबंधन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चांपा भेजा गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है और डॉक्टरों ने हालत स्थिर बताई है। युवती को सिर और पैर में चोटें आई हैं। बाइक सवार युवक भी हादसे में गिरकर चोटिल हुआ है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक तेज रफ्तार में था। उसने टोल प्लाजा के भीतर अपना नियंत्रण खो दिया था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 149-बी पर आए दिन सड़क हादसे होते हैं। टोल प्लाजा जैसे सुरक्षित क्षेत्र में भी ऐसी घटना सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाती है। लोगों ने टोल प्लाजा के भीतर वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है। उन्होंने स्पीड ब्रेकर और सख्त व्यवस्था लागू करने की बात कही है। उरगा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें