कबीरधाम जिले में आज गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे से ग्रामीणों ने पोंड़ी-बिलासपुर नेशनल हाईवे में स्थित नगर पंचायत पांड़ातराई में चक्काजाम कर दिया। ये चक्काजाम अभी रात 9.30 बजे खत्म हुआ है। दरअसल, इस क्षेत्र के एक युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की प्रताड़ना के कारण युवक ने ऐसा कदम उठाया है। यहीं कारण है कि परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम किया। यहां बढ़ते तनाव को देखते हुए देर शाम को कबीरधाम एसपी ने बोड़ला थाना प्रभारी राजेश चंड को लाइन अटैच कर दिया है। उनके जगह पर भोरमदेव थाना प्रभारी रूपक शर्मा को बोड़ला पदस्थ किया गया है।इधर, इस प्रदर्शन को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है। चक्काजाम में शामिल कांग्रेस नेता तुकाराम चन्द्रवंशी, रवि चन्द्रवंशी, आकाश केसरवानी ने बताया कि मृतक का नाम माखन यादव पिता नारद यादव उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम तेंदूटोला (खड़ौदा खुर्द ) है। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई गोपाल यादव पर चोरी का मामला दर्ज किया गया है।चोरी का माल बरामदगी के लिए घर वालों को प्रताड़ित किया गया। पुलिस प्रताड़ना से माखन यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया है। मृतक माखन यादव व उसके परिवार के लोगों को न्याय दिलाने के लिए यह प्रदर्शन किया है। हालांकि, मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। देर रात मान-मनौव्वल का दौर जारी रहा, जिसके बाद चक्काजाम रात को खत्म किया हुआ।