संत शिरोमणि गुरू घासीदास बाबा की 269वीं जयंती के अवसर पर आज गुरुवार को ग्राम मगरदा, कवर्धा, बिसनपुरा में श्रद्धा, भक्ति के साथ आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय कवर्धा विधायक व डिप्टी सीएम विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने गुरू घासीदास बाबा के आदर्शों को नमन करते हुए गुरुद्वारा व जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर जैतखाम में ध्वज स्थापित किया। फूल-माला अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि संत गुरू घासीदास बाबा ने मानव समाज को मानवता का संदेश देने के साथ ही एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। संत बाबा गुरु घासीदास ने समूचे जगत के कल्याण का रास्ता दिखाया है। उनका संदेश मनखे-मनखे एक समान आपसी भाई चारा और सबको एक सूत्र में बांधकर रखने का संदेश देता है। बाबा जी की अमृत वाणी को हम सभी अपने जीवन मे उतार कर जीवन को चरितार्थ कर सकते है। गुरु जी ने अपने जीवन में मानवता, एकता व समृद्धि का मार्ग दिखाया है, जो आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक है। उनका संदेश सभी को एक सूत्र में बांधने और आपसी भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देता है। वहीं, कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा ने ग्राम मगरदा में संत गुरू घासीदास बाबा मंदिर परिसर में सामने बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए 10 लाख रुपए, मंच निर्माण 3.50 लाख रुपए, ग्राम बिसनपुरा में मेन रोड से गांव तक पहुंचने सीसी रोड निर्माण व मंगल भवन के लिए 6.50 लाख रुपए की घोषणा किया है।