जांजगीर-चांपा जिले के नगर पंचायत शिवरीनारायण क्षेत्र में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की भूमि पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्ती से हटाया। कार्रवाई के दौरान इस्लाहुल मुस्लिमिन शिक्षा समिति (मदरसा) और गौ माता औषधालय द्वारा कब्जाए गए हिस्से को जेसीबी मशीनों से खाली कराया गया। जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत ने कब्जाधारियों को 15 अक्टूबर तक स्वयं अतिक्रमण हटाने की समयसीमा दी थी। लेकिन निर्धारित समय तक कोई कदम न उठाए जाने पर, बुधवार 16 अक्टूबर की सुबह 7 बजे से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और एएसपी उमेश कश्यप की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। दो जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाकर जमीन को सुरक्षित कर लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक हित में प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।