जांजगीर-चांपा में पामगढ़ क्षेत्र के डोंगा-कोहरौद–बलौदाबाजार मार्ग की जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। सड़क निर्माण की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों ने शुक्रवार को पामगढ़ के अंबेडकर चौक पर चक्काजाम कर दिया। मूसलाधार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाएं, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और युवा सड़क पर डटे रहे।
आंदोलन के दौरान महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए प्रशासन और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले 15 वर्षों से सड़क की हालत बदहाल बनी हुई है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि खराब सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होता, तब तक न आमरण अनशन समाप्त होगा और न ही आंदोलन। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो इससे भी बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि आंदोलन के पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वार्ता के लिए मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है।
चक्काजाम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। लगातार हो रही बारिश के बीच पुलिसकर्मी रेनकोट पहनकर पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए है आंदोलन के कारण 4 घंटों ने बिलासपुर शिवरीनारायण मार्ग पर यातायात प्रभावित है। जिला प्रशासन की ओर से अबतक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों से बात करने के लिए नहीं पहुंच सके है। जमकर नारे बाजी की जा रही है।
डोंगा कोहरौद में आमरण अनशन पर बैठे दो ग्रामीणों की तबियत खराब होने पर जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करया गया है। जिन्हें मिलने के लिए कलेक्टर जनमेजय महोंबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय अस्पताल पहुंचे। दोनो ग्रामीणों से सेहत को लेकर सिविल सर्जन से जानकारी ली । वही बेहतर उपचार के लिए निर्देशित किया गया है कलेक्टर जनमेजय महोंबे ने कहा कि वर्तमान में आवागमन सुचारु रूप से हो इसके लिए मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। वही स्थायी निर्माण को लिए शासन स्तर पर स्वीकृती की प्रक्रिया जारी है,जिसके बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।