फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: जांजगीर-चांपा में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचला

Sun, 28 Jun 2026 12:19 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। भारतमाला सड़क पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा ग्राम डोंगरी-कोरबी के बीच भारतमाला रोड पर सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान दलहरण दास वैष्णव (62 वर्ष), केदार बरेट (52 वर्ष) और संतु यादव (70 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों रोज की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से लगभग दो किलोमीटर दूर भारतमाला सड़क पर टहलते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद तीनों के शव सड़क पर 5 से 10 मीटर की दूरी पर बिखरे मिले। सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक दलहरण दास वैष्णव सेवा सहकारी समिति में शाखा प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त थे। वहीं केदार बरेट और संतु यादव खेती-किसानी से जुड़े हुए थे। तीनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और प्रतिदिन एक साथ मॉर्निंग वॉक पर निकलते थे। उनकी एक साथ हुई मौत से डोंगरी और कोरबी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें