जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत राहौद के संतला तालाब में एक युवक का नर कंकाल मिला है। प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान शिव कुमार यादव के रूप में हुई है, जो करीब 364 दिनों से लापता था। हालांकि मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, 18 जून की शाम स्थानीय लोगों ने संतला तालाब के पास नर कंकाल दिखाई देने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को कंकाल कई हिस्सों में बिखरा हुआ मिला, जिसे एकत्र कर कब्जे में लिया गया।
थाना प्रभारी के.के. सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान उसके पिता मिट्ठू यादव ने घटनास्थल पर मिले गमछे के आधार पर की है। गमछा एक पेड़ की डाली से बंधा हुआ था और उसके नीचे सिर का कंकाल पाया गया। इसी आधार पर परिजनों ने इसे शिव कुमार यादव का बताया। पुलिस के अनुसार, शिव कुमार यादव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसके लापता होने के बाद 19 जून 2025 को शिवरीनारायण थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तब से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। करीब एक साल बाद कंकाल मिलने से परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस आत्महत्या सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
कंकाल के अवशेषों को पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही डीएनए परीक्षण के लिए नमूने भी प्रयोगशाला भेजे गए हैं ताकि पहचान की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई आपराधिक कारण था या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।