सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में हुए बहुचर्चित पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या और लूट की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने वर्ष 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए चर्चित डबल मर्डर को भी अंजाम दिया था। लूट के आभूषण खरीदने के आरोप में एक सराफा व्यापारी को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2-3 जून 2026 की दरम्यानी रात ग्राम सेंदुरस निवासी पुरुषोत्तम खुंटे (65) और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे (60) की उनके घर में सोते समय लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आरोपियों ने घर में रखे सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया था।
घटना की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक का गायब मोबाइल फोन पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। साइबर सर्विलांस और CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई, जो खरसिया क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने पलगड़ा स्थित एक ढाबे से आरोपी देवकुमार यादव (33) निवासी पंडरीपानी को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ।
कड़ाई से पूछताछ करने पर देवकुमार ने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि कुछ समय पहले मोटरसाइकिल खड़ी करने की बात को लेकर मृतक से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने दंपती की हत्या की योजना बनाई और रात में घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि लूटे गए सोने के आभूषणों को रूपचरण यादव ने जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू को 84 हजार रुपए में बेच दिया था। पुलिस ने बाबूलाल साहू (50) को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आभूषण बरामद कर लिए।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जून 2024 में ग्राम मुक्ता में हुए दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की। उस मामले में मगनलाल गबेल और उनकी पत्नी बुधवारा बाई गबेल की हत्या कर आभूषण लूटे गए थे। यह मामला लंबे समय से अंधे हत्याकांड के रूप में पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, करीब 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपए नकद, हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून लगे कपड़े, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
दो-दो अंधे हत्याकांडों का खुलासा करने पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने जांच टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।