फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जांजगीर-चांपा : कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, छोटे बेटे को भी लगी गोली, तीन मोबाइल लेकर भागे

Fri, 24 Apr 2026 12:52 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि तीन नकाबपोश बदमाश देर रात करीब 12:30 बजे सीमेंट-रेत व्यवसायी एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर में घुस आए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में सम्मेलाल कश्यप के बड़े बेटे आयुष कश्यप को दो गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं छोटे बेटे आशुतोष कश्यप को भी गोली लगी है, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शी और मृतक की बहन प्रेरणा कश्यप ने बताया कि तीनों हमलावर नकाब पहनकर आए थे और सीधे आयुष को निशाना बनाया। पहले आयुष को गोली मारी गई, इसके बाद छोटे भाई पर फायरिंग की गई। घटना के बाद आरोपी घर से तीन मोबाइल फोन और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। उसने यह भी बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले कुछ युवक आयुष के बारे में पूछताछ करने गांव आए थे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, साइबर टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की तलाश में आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई है और कॉल डिटेल के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप ने आशंका जताई है कि यह घटना रेत कारोबार से जुड़े विवाद के चलते हुई है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा आयुष हाल ही में रेत के काम में सक्रिय हुआ था और उसने हाइवा तथा जेसीबी जैसी मशीनें भी खरीदी थीं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें