फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Janjgir-Champa: महंगाई से जूझ रहे हमाल श्रमिकों का फूटा गुस्सा, मजदूरी बढ़ाने की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Mon, 13 Apr 2026 05:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर चांपा

जिले के अकलतरा स्थित एफसीआई गोदाम में कार्यरत हमाल श्रमिक बढ़ती महंगाई और कम मजदूरी से परेशान हैं। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। जय श्रीराम हमाल श्रमिक संघ के बैनर तले श्रमिकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मजदूरी दर बढ़ाने की मांग की है।

श्रमिकों का कहना है कि वे कई वर्षों से बेहद कम दर पर काम कर रहे हैं। इस दौरान महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में उन्हें स्टेकिंग कार्य के लिए प्रति लॉट मात्र 772 रुपये मिलते हैं। यह दर 580 बोरी के हिसाब से है। रेक में प्रति बोरी सिर्फ दो रुपये बीस पैसे का भुगतान किया जाता है। श्रमिकों का आरोप है कि इतनी कम मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल है। भीषण गर्मी में कड़ी मेहनत के बावजूद उचित पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी अब चुनौती बन गया है।

मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की मांग
श्रमिक संघ ने नए सत्र दो हजार छब्बीस-सत्ताईस के लिए मजदूरी दरों में बढ़ोतरी की मांग रखी है। संघ ने स्टेकिंग दर को बढ़ाकर 2250 रुपये प्रति लॉट करने की मांग की है। रेक में प्रति बोरी चार रुपये भुगतान तय करने का प्रस्ताव है। डंपिंग कार्य के लिए वर्तमान 2450 रुपये प्रति लॉट की दर को बढ़ाकर 3000 रुपये करने को कहा गया है। संघ का कहना है कि स्टेकिंग और डंपिंग कार्य को मिलाकर कुल 5250 रुपये प्रति लॉट भुगतान होना चाहिए।

आंदोलन की चेतावनी
श्रमिकों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से बताते हुए प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे। श्रमिकों ने गोदाम परिसर में धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठा रहे हैं। लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें