फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'जीते जी मुझे न्याय नहीं मिला': 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या, पीछे छोड़ा चार पन्नों का सुसाइड नोट

Mon, 26 Jan 2026 06:34 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, जांजगीर चांपा

जिले के आरसमेटा गांव से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा के 18 वर्षीय छात्र कमलेश जायसवाल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से मिले चार पन्नों के सुसाइड नोट में न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य और एक शिक्षक पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, कमलेश जायसवाल रविवार रात अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह जब वह नहीं उठा तो परिजनों ने दरवाजा तोड़कर देखा। कमलेश फंदे पर लटका मिला, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सुसाइड नोट में छात्र ने लिखा है कि वह लगभग एक वर्ष से डिप्रेशन में था।

उसने आरोप लगाया कि कक्षा 10वीं में स्कूल प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल ने उसकी बातों को नहीं सुना और उसे बार-बार दोषी ठहराया। छात्र ने यह भी बताया कि कुछ घटनाओं के बाद उसके साथ मारपीट भी हुई। शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। नोट में उसने लिखा, “जीते जी मुझे न्याय नहीं मिला, शायद मरने के बाद मिलेगा” और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह 11 बजे से शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुलमुला पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद शाम करीब 4 बजे चक्का जाम समाप्त किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यूवोको पब्लिक स्कूल के प्राचार्य सुमंतो विश्वास और शिक्षक अनुपम पाल को उनके पद से हटा दिया गया है। पुलिस सुसाइड नोट सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें