शहर और ग्रामीण क्षेत्र में बीते दिनों हुई चोरियों के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किये हुए जेवरात और नगद रकम भी बरामद की है। सीएसपी आकाश श्रीमाल ने बताया कि बीते दिनों कोतवाली, बोधघाट और परपा थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सुने घरों को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही पुलिस मामले की जांच करते हुए अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों केशव कवि और कौशल जोशी पर शक करते हुए उन्हें पकड़ लिया। पकड़ने के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू की। कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपी केशव कवि और कौशल जोशी ने खुलासा करते हुए पुलिस को बताया कि वह दोनों चोरी किये हुए कुछ सोने-चांदी के जेवरातों को शहर में अलग-अलग जगहों में बेच दिया करते थे। उन्होंने कुछ सोने के जेवरातों को अपने साथी तरुण कुमार कवि और रविन्द्र पाढ़ी के नाम से बैंक में जमाकर गोल्ड लोन लिया हुआ है। इसके साथ ही आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के जेवरातों को विक्रम ठाकुर, महेश बघेल और पारसदेवी जैन नामक लोगों के पास गिरवी रखकर उसे बड़े दामों पर बेच भी दिया। आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने बैंक और ज्वेलर्स दुकानों से चोरी के सभी जेवरातों को बरामद कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों केशव कवि (27) निवासी मालगांव, कौशल जोशी (20) निवासी मालगांव, विक्रम ठाकुर (37) निवासी महेंद्र कर्मा वार्ड, महेश बघेल (40) निवासी महेंद्र कर्मा वार्ड, तरुण कुमार कवि (23) निवासी मालगांव, रविन्द्र पाढ़ी (37) निवासी तितिरगांव और पारसदेवी जैन (66) निवासी नयापारा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले का मुख्य आरोपी केशव कवि पहले भी 25 से ज्यादा चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने आगे बताया कि आरोपियों के पास से 235 ग्राम सोने के जेवरात बरामद किए हैं। जिसकी कीमत 19 लाख 74 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के पास से 19 हजार रुपये से ज्यादा नगद, एक बाइक, तीन मोबाइल फोन, लोहे की रॉड और पेंचीस भी बरामद किया है। फिलहाल, पुलिस ने आवश्यक कार्यवाही करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।