गौरेला पेंड्रा मरवाही में पेंड्रा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर अमरपुर गांव के पास मुख्यमार्ग पर उस समय हड़कंप मच गया, जब रायपुर से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जा रही एक चलती स्कोर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार दो लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लपटों ने पूरी स्कोर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कोर्पियो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कोर्पियो पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर सामान्य गति से चल रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन के इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा। चालक ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते पूरा वाहन आग का गोला बन गया। इस दौरान वाहन से लगातार एक के बाद एक तेज धमाके होते रहे, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद पेंड्रा की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कोर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी। आग बुझने के बाद मौके पर केवल वाहन का ढांचा ही बचा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के दौरान कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि स्कोर्पियो में सवार दोनों लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी उनकी मदद करते हुए तत्काल बचाव कार्य में सहयोग किया।फिलहाल पेंड्रा पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुच गई है।