दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। पहली बार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष समाप्ति के साथ ही 253 मिलियन टन माल लोडिंग का आंकड़ा पार किया है, जो रेलवे के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने देश के ताप विद्युत संयंत्रों एवं अन्य कारखानों में कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर देश के औद्योगीकरण को गति दी है। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से न केवल रेलवे की कार्यक्षमता और क्षमता का प्रमाण मिलता है, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है। माल ढुलाई के साथ-साथ इस वर्ष यात्री परिवहन में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में नई रेल लाइनों के विकास के साथ-साथ मल्टीट्रेकिंग (तीसरी एवं चौथी रेल लाइनों) जैसी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। जैसे-जैसे विभिन्न सेक्शनों में कार्य पूरा हो रहा है, वहां ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है।