सरकंडा थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स संचालक से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद फरार हुए आरोपियों को उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया। मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है, वहीं लूटा गया सोना भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज सड़क पर संतोष तिवारी अपनी कार से घर लौट रहे थे। बदमाशों ने उन्हें सुनसान सड़क पर रोककर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने पिस्टल की बट और हथौड़ी से सिर पर वार किया था। वे ज्वेलरी से भरा बैग और संतोष तिवारी की कार लूटकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद आरोपी अपनी कार और बाइक घटनास्थल पर छोड़कर कारोबारी की कार से भागे थे। पुलिस ने मौके से 10 नग जिंदा कारतूस और एक हथौड़ा बरामद किया था। लूटी गई कार बाद में उरतुम गांव के पास मिली थी। बिलासपुर पुलिस को आरोपियों के उत्तर प्रदेश भागने की सूचना मिली थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी
यूपी पुलिस को अलर्ट करने के बाद मिर्जापुर जिले के हरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी की गई। जंगल में छिपे संदिग्धों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी थी। जवाबी कार्रवाई में चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। मुख्य आरोपी विजय लांबा दिल्ली का निवासी है, जिस पर 67 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों में मोनू उर्फ राहुल रोहित, करीम खान, विनोद उर्फ बीना प्रजापति और इरफान अली शामिल हैं।
ऐसे हुआ लूटकांड का खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी जंगल के रास्ते बिहार भागने की योजना बना रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से लूटा गया सोना बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस लूटकांड में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। फिलहाल आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिलासपुर लाने की प्रक्रिया जारी है। एक आरक्षक भी मुठभेड़ में घायल हुआ है।