फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: बीजापुर में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, माओवादियों के पुराने डंपों से 65.52 लाख कैश बरामद

Wed, 13 May 2026 08:12 PM IST
बीजापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बीजापुर

जिले में सुरक्षा बलों ने माओवादियों के पुराने ठिकानों और डंपों से भारी मात्रा में नकदी, हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए हैं। आज की कार्रवाई में 65.52 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। वर्ष 2024 से अब तक कुल 20 करोड़ 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई है, जिसमें 7.2852 करोड़ रुपये नकद और 8.20 किलोग्राम सोना शामिल है।

पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप बीजापुर को नक्सलमुक्त करने का अभियान जारी है। विगत एक माह से जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त दलों ने सघन सर्चिंग अभियान चलाया। 

ग्रामीणों के सहयोग और आसूचना तंत्र से नक्सलियों के छिपाए गए डंपों का पता चला। इन डंपों से एलएमजी, एसएलआर, कार्बाइन रायफल सहित 32 हथियार और नक्सल संबंधी सामग्री मिली है। संयुक्त कार्रवाई में 65 लाख 52 हजार रुपये नकद राशि के साथ विभिन्न प्रकार के घातक हथियार और कारतूस भी मिले। 

पामेड़ क्षेत्र में माओवादी डंपों से बरामद 40 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और नेशनल पार्क क्षेत्र से 100 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट तथा यूरिया को नष्ट किया गया। इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक आपूर्ति, हथियार आपूर्ति तंत्र और आईईडी निर्माण क्षमता को गंभीर क्षति पहुंची है। जिला पुलिस बीजापुर भविष्य में भी ऐसे सघन और प्रभावी अभियान जारी रखेगी।

यह सफलता नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वर्ष 2024 से अब तक सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई में 234 माओवादी मारे गए हैं। इस अवधि में 1192 गिरफ्तार और 1003 पुनर्वासित किए गए हैं। साथ ही, कुल 517 हथियार और 1092 आईईडी भी बरामद किए गए हैं।

जनता से अपील
शासन की मंशा के अनुसार, बीजापुर निरंतर नक्सलमुक्ति की ओर अग्रसर है। सुरक्षा बलों को ग्रामीणों के सहयोग और मजबूत आसूचना तंत्र से निर्णायक सफलता मिली है। आम जनता और ग्रामीणजनों से अपील है कि वे संदिग्ध सामग्री या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें