बालोद जिले में एक बार फिर दंतैल हाथी ने गुरुर क्षेत्र में दस्तक दी है। बीती रात हाथी ने अलोरी गांव में घुसकर किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया। हाथी के गांव में पहुंचने से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया, ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर बिताई। दंतैल हाथी गुरुर परिक्षेत्र के बोरिदकला के जंगल में मौजूद बताया जा रहा है। वन विभाग ने हाथी की मौजूदगी को देखते हुए आमापानी, बोरिदकला, मुड़खुसरा, कर्रेझर, नैकुरा, बालोदगहन, जगतरा और सोहतरा गांवों में हाई अलर्ट जारी किया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सख्त हिदायत दी गई है और गांव-गांव में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और किसी भी अनहोनी से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की अपील की गई है।