जिले के थाना गुरुर पुलिस ने मवेशी तस्कर बोलकर एक व्यक्ति और उसके साथियों के साथ मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य साथी आरोपी अभी फरार हैं। मामला छह दिसंबर की रात का है। जब प्रार्थी सतीष साहू (31 वर्ष) निवासी रांवा, थाना अर्जुनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथी वेदप्रकाश साहू और बलराम साहू के साथ छह नग मवेशी बछड़ा लेकर करहीभदर मवेशी बाजार जा रहे थे। तभी रात ग्राम भरदा–पेंवरो मोड़ के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली।उन आरोपियों ने गाड़ी की चाबी निकालकर तीनों को नीचे उतारा और गाली-गलौच करते हुए डंडा एवं हाथ मुक्के से मारपीट की। मारपीट में तीनों घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए धमतरी क्रिश्चियन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक घायल बलराम साहू के पैर में फ्रैक्चर पाया गया। जांच के दौरान घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर तीन संदिग्धों धरम सारथी, दुष्यंत शिल्पी और खोमेंद्र उर्फ दद्दू सोरी की पहचान की गई। आरोपियों को थाने बुलाकर कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ितों द्वारा शिनाख्त कराया गया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त डंडा ज़ब्त कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।