बालोद में जिला मुख्यालय से लगे ग्राम झलमला में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक कबाड़ी दुकान में सामान खाली करने के दौरान तीन मजदूर 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए। इस हृदयविदारक घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।
गाड़ी खाली करते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, झलमला स्थित घनश्याम कबाड़ी दुकान में मालवाहक गाड़ी से कबाड़ खाली करने का काम चल रहा था। इस दौरान काम में लगे पांच मजदूर अचानक ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गए। जैसे ही करंट फैला, दो मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी और बाल-बाल बच गए। लेकिन शेष तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए।
एक ने मौके पर तोड़ा दम, दो अस्पताल में भर्ती
हादसे में दीनू सतनामी (50 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बीरा स्वामी पिल्ले उर्फ पांडे पिल्ले (38 वर्ष, निवासी जवाहर पारा) और आतिश कुमार (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ बीरा स्वामी का इलाज शासकीय अस्पताल बालोद में और आतिश कुमार का उपचार एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई थी।