फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबिकापुर में नकाबपोश: देर रात बंदूक की नोक पर ऑटो चालक से लूटपाट, फोन लूटा; एक परिवार बाल-बाल बचा

Wed, 13 May 2026 02:19 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

अंबिकापुर शहर से लगे कल्याणपुर जंगल क्षेत्र में मंगलवार देर रात लूटपाट की घटना सामने आई है। नकाबपोश युवकों ने राहगीरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर एक ऑटो चालक से मोबाइल फोन लूट लिया।

इसी दौरान एक कार सवार परिवार लूट की कोशिश से बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव मंगलवार देर रात एक शादी समारोह से अकेले लौट रहे थे। कल्याणपुर जंगल के पास पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने बंदूक दिखाकर धमकाया और उनका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से ऑटो चालक घबरा गया। उसने किसी तरह गांव पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी।

इसी मार्ग से धर्मपुर निवासी सुरेंद्र प्रसाद जायसवाल भी अपने परिवार के साथ ऑल्टो कार से गुजर रहे थे। बदमाशों ने उनकी कार को भी रोकने का प्रयास किया। लेकिन सुरेंद्र प्रसाद ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। वे मौके से निकलने में सफल रहे। 

बताया जा रहा है कि यदि वाहन नहीं भगाया जाता तो बड़ी वारदात हो सकती थी। घटना की जानकारी बुधवार सुबह पुलिस को दी गई। पुलिस टीम कल्याणपुर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। 

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। धर्मेंद्र यादव की शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें