मोहाली में डांस फ्लोर पर नाचते समय बुधवार रात एक बजे नाइट क्लब दी स्कल के मालिक आदित्य विज और एक युवक सिद्धार्थ देलु का कंधा आपस में टकरा गया। कहासुनी होने के बाद क्लब मालिक ने युवक को बाहर ले जाकर पीटा। इसके बाद पिस्टल निकालकर उसको गोली मार दी। गोली सिद्धार्थ देलु के पेट के निचले हिस्से में लगी। साथ आए दोस्तों ने उसको सोहाना अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन के बाद गोली निकाल दी है। वह अब खतरे से बाहर है। वीरवार दोपहर को आरोपी आदित्य विज और उसके साथी तुषार कपूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। क्लब मालिक की पिस्टल लाइसेंसी है या नहीं पुलिस इसकी जांच कर रही है।