चंडीगढ़ के सेक्टर-37/24 डिवाइडिंग रोड पर रविवार रात चलती वरना कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे में कार सवार पंजाब पुलिस के मुलाजिम और उनके एनआरआई भाई बाल-बाल बच गए। दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। नहीं तो पूरी कार जलकर राख हो जाती। सूचना मिलने के बाद डीएसपी साउथ जसविंदर सिंह, डीएसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक पुलिस, पीसीआर और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। डीएसपी जसविंदर सिंह ने बताया कि पीबी-11 नंबर की वरना कार के बोनट के नीचे अचानक आग लग गई। कार सवारों को आग लगने के बारे में नहीं पता चला। इस दौरान सड़क से गुजर रही पंजाब पुलिस की गाड़ी में सवार मुलाजिमों ने वरना कार सवारों को आग की जानकारी दी। इसके बाद वह तुरंत कार से बाहर निकले। गनीमत रही कि समय रहते कार सवारों को आग का पता चल गया, नहीं तो आग इंजन में फैलकर ब्लास्ट कर सकती थी जिससे जानी नुकसान हो सकता था। अनिता ने बताया कि कार में दो भाई सवार थे। कार सवार व्यक्ति शुक्रवार को ही कनाडा से वापस आए थे। वह शॉपिंग करने के लिए चंडीगढ़ आए थे। कार में रमनदीप और सुखदीप सवार थे।