शहर में ठंड बढ़ते ही बेघर व जरूरतमंद लोगों के लिए राहत की व्यवस्था शुरू हो गई है। एक दिसंबर से नगर निगम शहर में 18 रैन बसेरे शुरू कर चुका है। ये रैन बसेरे पीजीआई , सेक्टर-43 बस स्टैंड, सेक्टर-16 अस्पताल, सेक्टर-20, सेक्टर-32, सेक्टर-34, सेक्टर-47, रेलवे स्टेशन के पास और अन्य जगहों पर लगाए गए हैं। पीजीआई के बाहर चार रैन बसेरा बनाया गया है। जिसमें एक महिलाओं के लिए एक पुरुषों के लिए और दो पीजीआई में भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए है। हर रैन बसेरे में रात बिताने वालों के लिए हीटर, कंबल, नॉर्मल और गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। नगर निगम ने सभी रैन बसेरों में सीसीटीवी कैमरे और आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखने के लिए स्टाफ तैनात किया है। इन 18 रैन बसेरों में कुल 450 लोगों (325 पुरुष और 125 महिलाओं) के लिए बिस्तर, गद्दे और रहने की उचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रत्येक रैन बसेरे में मोबाइल टॉयलेट व स्नानघर, मेडिकल सहायता, बिजली, चार्जिंग पॉइंट उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान न हो।