दरभंगा में एक निजी नर्सिंग होम में प्रसव के लिए किए जा रहे ऑपरेशन के दौरान महिला मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर बेंता थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
मृतका की पहचान
मृतका की पहचान सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी सौर्या वार्ड संख्या-5 निवासी 30 वर्षीय गौरी देवी के रूप में हुई है। महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हालांकि ऑपरेशन के दौरान जन्मा नवजात शिशु जीवित है, जिसका इलाज एक अन्य निजी अस्पताल में चल रहा है।
जाले से दरभंगा तक इलाज की पूरी कड़ी
मृतका के पति सुशील महतो ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा होने पर गौरी देवी को जाले पीएचसी में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें जाले के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन स्थिति नहीं संभलने पर दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई।
ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत का आरोप
परिजनों के अनुसार, दरभंगा के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ, लेकिन ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। आरोप है कि अस्पताल में मूलभूत सुविधाओं का अभाव था और इलाज में भारी लापरवाही बरती गई। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला की मौत की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई।
नवजात को बिना सूचना दूसरे अस्पताल में भेजने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि उनकी अनुमति के बिना नवजात शिशु को किसी दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। बच्चे के बारे में जानकारी तब मिली, जब परिजनों ने बेंता थाना पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने बताया कि बच्चा किस अस्पताल में भर्ती है।
पढ़ें- Bihar News : 'बेटा कहा, बेटी थमा दी', नवजात अदला-बदली के आरोप से मचा बवाल, सदर अस्पताल में हंगामा
अस्पताल बंद मिलने का दावा, दस्तावेज नहीं दिए गए
मृतका के भतीजे गुड्डू कुमार ने बताया कि जब परिवार के लोग गांव से अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल का गेट बंद था। बाद में बेंता थाना पुलिस की मदद से गेट खुलवाया गया। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से इलाज से संबंधित कोई कागजात या दस्तावेज भी नहीं दिए गए।
इस संबंध में बेंता थानाध्यक्ष विनय मिश्रा ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।