खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के उद्देश्य से शुक्रवार को मनेरा स्टेडियम में जनपद स्तरीय अंडर-16 एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। विभिन्न स्पर्द्धाओं में युवाओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आज शनिवार को विभिन्न स्पर्द्धाओं के फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता संपन्न होगी।
शुक्रवार को जिला जज सिकंद कुमार त्यागी ने मनेरा स्टेडियम में जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ ही खेलकूद भी जरूरी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को कहा। दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 120 युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन हुई बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में शिवोम राणा प्रथम, मनीष द्वितीय और उत्कर्ष तृतीय स्थान पर रहे। जबकि आठ सौ मीटर दौड़ में मनेरा स्टेडियम के सुरेश चौहान, धनारी के दीपक असवाल एवं मसीह दिलासा स्कूल के राजीव उनियाल ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मौहम्मद हमद बेग, सौरभ बिष्ट, शिवम राणा, अमित पाल, कृष्णा शाह, शशांक डिमरी एवं हिमांशु ने फाइनल राउंड में जगह बनायी है। जबकि बालिकाओं में दिव्या राणा, रूबी नेगी, आस्था, श्वेता, निवेदिता और दिव्यांशी 100 मीटर दौड़ के फाइनल राउंड में पहुंची। इस मौके पर उप क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत एवं निधि सहित केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ.बीके मिश्रा, एमडीएस के फादर सीरियक थॉमस, खेल प्रशिक्षक कविता, आरती, राकेश, जितेंद्र, सुरेंद्र, श्रीकांत, विनोद, कनिकपाल, सुरेश रमोला, सुनीता भट्ट, सीमा पंत, दिनेश पयाल, ममराज गुसाईं, रोहित, विवेक, गीता, दिल सिंह आदि अनेक लोग मौजूद रहे।