भागीरथी नदी के बीच टापू पर फंसे 22 मजदूरों को पुलिस व एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर बचाया। सिंचाई विभाग के ये मजदूर अस्थायी रूप से नदी के बीच बने टापू पर रह रहे थे, जो भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से फंस गए थे। जान को जोखिम में पाकर कुछ मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी थी।
बीते बृहस्पतिवार रात को राजकीय इंटर कॉलेज मनेरी के पास कुछ लोग भागीरथी नदी के बीच टापू पर फंस गए। सूचना पर सीओ अनुज कुमार के नेतृत्व में मनेरी पुलिस और एसडीआरएफ उजेली की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने रात के अंधेरे में तीन मजदूरों का रेस्क्यू किया। बाद में अन्य मजदूरों को भी सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। मजदूरों ने बताया कि वह यहां चल रहे सुरक्षा कार्यों में लगे हुए थे, लेकिन अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से वह फंस गए। रेस्क्यू करने वाली टीम में एसएसआई प्रदीप तोमर, कांस्टेबल दिनेश, राकेश सिंह, नवीन, प्रवीण आदि मौजूद रहे। इधर, एसडीएम भटवाड़ी सीएस चौहान ने बताया कि सभी मजदूरों को वहां से हटा दिया गया है।