उत्तरकाशी। अब बगोरी के ग्रामीणों को मतदान के लिए 90 किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्रामीण अपने शीतकाल प्रवास स्थान डुंडा में ही मतदान कर सकेंगे। ग्रामीणों ने मतदान केंद्र बदलने की मांग जिलाधिकारी से की थी। गांव में करीब 800 मतदाता हैं।
शीतकाल में बर्फबारी व सड़क बाधित होने के कारण बगोरी (हर्षिल) के ग्रामीण 90 किमी दूर वीरपुर डंडा गांव में प्रवास करते हैं। ग्राम प्रधान सरिता रावत व पूर्व प्रधान भगवान सिंह कहना था कि विधान सभा चुनाव के लिए गांव का मतदान केंद्र बगोरी बनाया गया है। जबकि सभी ग्रामीण वर्तमान में वीरपुर डुंडा में रह रहे हैं। जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि बगोरी के ग्रामीणों की मांग पर उनके लिए मतदान केंद्र डुंडा में ही बनाया जाएगा। इस संबंध में शासन से स्वीकृति मिल गई है।