बौन पंजियाला मोटर मार्ग पर शादी समारोह से लौट रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंचे पुलिस, एसडीआरएफ ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से निकाला। जिन्हें 108 एंबुलेंस सेवा से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार देर रात लगभग पौने तीन बजे बौन-पंजियाला मोटर मार्ग पर एक वाहन पंजियाला गांव से बौन आते समय बीटेक कॉलेज के पास अनियंत्रित होकर सड़क से 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चार लोग सवार थे, जिसमें अरविंद रावत (30) पुत्र ज्ञानेंद्र रावत व राजवीर बिष्ट (31) पुत्र जयवीर बिष्ट दोनों निवासी ग्राम बौन की घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि राजाराम बिष्ट पुत्र स्व. दलवीर बिष्ट व जितेंद्र सिंह पुत्र जयेंद्र सिंह दोनों निवासी ग्राम बौन गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर ग्रामीण, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, जिसने घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया।