फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तरकाशी में थमे बसों के पहिये

Wed, 04 May 2016 08:53 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला उत्तरकाशी
विज्ञापन
विज्ञापन
आधारभूत सुविधाएं जुटाए बगैर प्रशासन की ओर से जियोग्रिड वाल के पीछे से हटाकर बसों की पार्किंग जोशियाड़ा शिफ्ट करने के विरोध में बस संचालक हड़ताल पर चले गए। उन्होंने बसें खड़ी कर जोशियाड़ा में जरूरी सुविधाएं जुटाने तक लीसा डिपो और जियोग्रिड वाल वाले हिस्से से ही बसों के संचालन की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं होने तक बसें नहीं चलाने का ऐलान किया है। बसें नहीं चलने से यात्री दिनभर परेशान रहे।
विज्ञापन


नगर में स्थाई बस अड्डा एवं पार्किंग की व्यवस्था न किया जाना जी का जंजाल बनता जा रहा है। नगर में गंगोत्री हाईवे के किनारे ही बसें खड़ी करने की व्यवस्था जाम के झाम को न्योता देती है। इस बार यात्रा सीजन में रामलीला मैदान में अष्टादश महापुराण आयोजन के चलते यहां भी बसें खड़ी होना मुश्किल है।

जोशियाड़ा में बाढ़ सुरक्षा दीवार के पीछे पार्किंग की बात तो लंबे समय से हो रही है, लेकिन यहां अभी तक शौचालय, मूत्रालय आदि आधारभूत सुविधाएं तो दूर सुविधाजनक पहुंच मार्ग तक नहीं बन पाया है। यहां सामान्य दिनों में ही जाम की समस्या बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने बसें जोशियाड़ा में खड़ा करने का फरमान सुनाया, तो बस संचालक भड़क उठे।
विज्ञापन


बस संचालकों ने बुधवार को दोपहर बाद बसों का संचालन बंद कर दिया है। उन्होंने बस अड्डे के पास स्थित अपनी यूनियन के कार्यालय पर ताला ठोककर बसें जोशियाड़ा में खड़ी कर दी हैं। बसों का संचालन बंद होने के कारण बुधवार को डेढ़ दर्जन से ज्यादा बस सेवाएं नहीं गईं, जिससे आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की हड़ताल की आग प्रांतीय स्तर तक पहुंची तो चार धाम यात्रा प्रभावित होने का खतरा है।

जोशियाड़ा में अभी तक शौचालय, मूत्रालय, यूनियन के दफ्तर आदि की व्यवस्था नहीं हुई है। पार्किंग बताई जा रही जगह तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक सड़क तक नहीं है। यूनियन में सौ बसें हैं, जिनमें से 40 तो चार धाम यात्रा में चलनी हैं और शेष लोकल रूट पर। ऐसे में गंगोत्री हाईवे पर बसें खड़े किए बिना ही लीसा डिपो एवं जियोग्रिड वाल के पास वाली जगह से ही बसों का संचालन आसानी से हो सकता है।
गबर सिंह असवाल, अध्यक्ष, बस यातायात यूनियन उत्तरकाशी।

यात्रा सीजन में यातायात सुचारु रखने के लिए जोशियाड़ा में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विभिन्न रूटों पर जाने के लिए नंबर वाली दस बसें नगर में बस अड्डे से सवारियां उठाएंगी। यदि बस संचालक हड़ताल करेंगे, तो उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यात्रा सीजन में ट्रैफिक व्यवस्था बनाना प्रशासन की प्राथमिकता में है।
विज्ञापन

श्रीधर बाबू अद्दांकी, डीएम, उत्तरकाशी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें