सब कुछ ठीक रहा, तो इस बार यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को जानकीचट्टी-यमुनोत्री पांच किमी पैदल मार्ग पर जाम के झाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। विश्व बैंक की मदद से लोनिवि की ओर से पैदल रास्ते को दुरुस्त कराने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। करीब पांच करोड़ रुपये लागत की योजना के तहत फिलहाल डेंजर जोन वाले हिस्सों को सुगम बनाया जा रहा है।
बता दें कि जानकीचट्टी से यमुनोत्री पांच किमी पैदल मार्ग की यात्रा पूर्व में काफी कष्टकारी होती थी। आपदा से पहले के सालों में इस पैदल रास्ते पर रोजाना जाम में फंसने से यात्रियों को न सिर्फ दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, बल्कि यात्रा शेड्यूल गड़बड़ाने से कई तीर्थयात्री गंगोत्री की यात्रा छोड़ अगले धाम की ओर बढ़ जाते थे।
इस बार विश्व बैंक की मदद से लोनिवि की ओर से पैदल मार्ग को दुरुस्त कराया जा रहा है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से मार्ग को चौड़ा करने के साथ ही यात्रियों के लिए शौचालय, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाएं जुटाने के साथ ही बारिश से बचने के लिए शेड का निर्माण भी कराया जाना है।
यात्रा सीजन नजदीक होने के कारण विभाग फिलहाल डेंजर जोन वाले हिस्सों पर ही ध्यान केंद्रित कर रहा है। संकरे हिस्सों में गार्डर बिछाकर रास्ते को चौड़ा किया गया है। साथ ही किनारे सुरक्षा के लिए रेलिंग भी लगाई गई है। सब कुछ ठीक रहा तो इस बार यात्रा सीजन में भारी भीड़ उमड़ने पर भी इस पैदल रास्ते पर जाम की समस्या कम ही आएगी।