जनशक्ति मल्टी स्टेट मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सोसाइटी लंबगांव के 24 से ज्यादा खाताधारकों की जमाराशि का छह महीने बाद भी परिपक्व राशि का भुगतान नहीं हो पाया है, जिससे आक्रोशित खाताधारकों ने जनशक्ति के चिन्यालीसौड़ मुख्य शाखा पर हंगामा किया। खाताधारकों ने कहा कि जब तक उनकी परिपक्व राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक वह चिन्यालीसौड़ शाखा में डटे रहेंगे।
जनशक्ति मल्टी स्टेज मल्टीपरपज कोऑपरेटिव सोसाइटी ने चिन्यालीसौड़ में एक शाखा 2013 और 29 अप्रैल 2016 को एक अन्य शाखा लंबगांव टिहरी गढ़वाल में खोली गई, लेकिन छह महीने बाद भी परिपक्व राशि का भुगतान नहीं किया गया। इस पर जिला प्रशासन टिहरी और मुख्यमंत्री पोर्टल तक शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे गुस्साएखाताधारक सुरेंद्र सिंह सत्यभामा देवी, अटल सिंह, धनपाल सिंह, मुकेश रावत, विक्रम सजवाण, सुनीता सहित 28 लोग चिन्यालीसौड़ जनशक्ति मुख्य कार्यालय पहुंचे और हंगामा किया। इस पर सर्किल हेड जीतराम उनियाल ने कहा कि लंबगांव में टीम हेड की ओर से 20 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब नहीं मिल रहा है। जब तक यह हिसाब नहीं होगा, तब तक शाखा का सर्वर नहीं खुलेगा और भुगतान भी होना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने स्तर से उपभोक्ताओं के भुगतान के लिए हेड ऑफिस दिल्ली से भरसक प्रयास करेंगे। टीम हेड लंबगांव टिहरी गढ़वाल जनशक्ति मल्टी परपज स्टोर कोरपोरेशन उमा बिष्ट ने कहा कि उन्होंने जो राशि ली है। वह 20 लाख रुपये उपभोक्ताओं को बांट दिए गए हैं और इसके बावजूद करीब 19 लाख रुपये खाताधारकों का भुगतान करना बकाया है। इनकी मैच्योरिटी छह महीने पहले हो गई है, जिसको देने के लिए हेड ऑफिस कोई सकारात्मक जवाब नहीं दे रहा है।